द्वाराहाट में विधायक मदन बिष्ट और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक, चौराहे पर बना तनावपूर्ण माहौल
द्वाराहाट, 24 जून। द्वाराहाट के मुख्य चौराहे पर बुधवार को उस समय माहौल गरमा गया जब द्वाराहाट विधानसभा के विधायक मदन सिंह बिष्ट और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, यह मामला दो दिन पूर्व आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में विधायक मदन बिष्ट और भाजपा नेता अनिल साही के बीच हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। उस दौरान मंच पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में काफी बढ़ गया था।
भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिविर के दौरान विधायक मदन बिष्ट ने केंद्र सरकार की "हर घर नल, हर घर जल" योजना पर चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री के पिता के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी आरोप को लेकर भाजपा कार्यकर्ता पिछले दो दिनों से विधायक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं तथा विभिन्न स्थानों पर उनके पुतले भी फूंके जा रहे हैं।
बुधवार को जब विधायक मदन बिष्ट द्वाराहाट के मुख्य चौराहे पर पहुंचे तो वहां भाजपा कार्यकर्ता भी एकत्र हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
हालांकि, विधायक मदन बिष्ट की ओर से इस मामले में क्या प्रतिक्रिया दी गई है, इसकी जानकारी समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी थी।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है तथा दोनों दलों के समर्थकों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
#live #almora #dwarahat #viral #kumaon