शिवहर: DM और नगर सभापति ने किया आदर्श मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण, मॉडल स्कूल बनाने की कवायद शुरू
*शिवहर:* शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में शिवहर जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी प्रतिभा रानी के साथ नगर परिषद के सभापति राजन नंदन सिंह ने राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय, शिवहर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय की मौजूदा समस्याओं, पठन-पाठन की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई।
सूत्रों के अनुसार इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आदर्श मध्य विद्यालय को सिर्फ नाम का नहीं, बल्कि वास्तविक रूप में एक आदर्श और मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करना है। इसके लिए पढ़ाई की व्यवस्था और विद्यालय के रख-रखाव को व्यवस्थित करने में नगर परिषद शिवहर सक्रिय रूप से अपना योगदान देगा।
जिला प्रशासन की योजना है कि एक बार आदर्श मध्य विद्यालय को मॉडल के रूप में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया जाए, तो धीरे-धीरे शहर के अन्य सभी सरकारी स्कूलों को भी उसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
इस मौके पर सभापति राजन नंदन सिंह ने कहा कि जिला पदाधिकारी का मानना है कि *शिक्षा ही समाज सुधार और समाज के उत्थान का एकलौता समाधान है।* इसी सोच के तहत नगर परिषद के हर बच्चे तक बेहतर से बेहतर शिक्षा पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।