मणिमहेश यात्रा-2026: होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के लिए दो ऑपरेटर चयनित, होली से गौरीकुंड एक यात्री का लगेगा 6255 किराया
चिप्सन एविएशन को एल-1 पर मिला संचालन का जिम्मा, थम्बी एविएशन भी देगी सेवाएं
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर, 6 अगस्त।
श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुगम हवाई परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के संचालन के लिए आयोजित निविदा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। प्रशासन द्वारा इस सेक्टर के लिए दो हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन किया गया है।
जानकारी के अनुसार, होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के लिए कुल दो हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों ने निविदा प्रक्रिया में भाग लिया। तकनीकी मूल्यांकन के दौरान दोनों कंपनियां निर्धारित पात्रता मानदंडों पर खरी उतरीं। इसके बाद उनकी वित्तीय बोलियां खोली गईं।
वित्तीय मूल्यांकन में एम/एस चिप्सन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने ₹6,255 प्रति यात्री (अतिरिक्त लागू शुल्क अलग से देय) की सबसे कम (एल-1) बोली प्रस्तुत की। इसके आधार पर कंपनी को होली–गौरीकुंड हेली टैक्सी सेवा के संचालन का कार्य आवंटित किया गया है।
इसके अलावा एल-2 (L-2) बोलीदाता एम/एस थम्बी एविएशन भी ₹6,255 प्रति यात्री (अतिरिक्त लागू शुल्क सहित) समान नियम एवं शर्तों के तहत होली–गौरीकुंड सेक्टर में अपनी हेली टैक्सी सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को अधिक विकल्प मिलने के साथ हवाई परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुचारु और सुविधाजनक रहेगी।
प्रशासन का मानना है कि हेली टैक्सी सेवा के सुचारु संचालन से विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग एवं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान काफी राहत मिलेगी तथा श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
Dharwala, Chamba | Aug 6, 2026