प्रेस नोट
थाना सेवढ़ा, जिला दतिया
*वारदात की फिराक में घूम रहे युवक को अवैध हथियार सहित थाना सेवढ़ा पुलिस ने किया गिरफ्तार*
पुलिस अधीक्षक दतिया श्री मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शिवहरे तथा एसडीओपी सेवढ़ा श्री अजय चानना के कुशल मार्गदर्शन में थाना सेवढ़ा पुलिस द्वारा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा अवैध हथियार रखने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 18.06.2026 की रात्रि थाना प्रभारी सेवढ़ा को सूचना प्राप्त हुई कि, एक युवक रामपुरा मोड़ स्थित प्रतीक्षालय, सेवढ़ा पर कमर में अवैध देशी कट्टा लगाकर किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की नीयत से बैठा हुआ है।
सूचना पर बताए गए स्थान पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की गई। पुलिस टीम को अपनी ओर आते देख युवक ने मौके से भागने का प्रयास किया, किन्तु पुलिस बल की तत्परता एवं सूझबूझ से उसे कुछ दूरी पर घेराबंदी कर सुरक्षित पकड़ लिया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ऋषभ उर्फ मधुर वर्मा पुत्र सुयश वर्मा, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 7, शंकर कॉलोनी, सेवढ़ा बताया।
आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसकी कमर में खुरसा हुआ एक अवैध देशी कट्टा एवं एक जीवित कारतूस बरामद हुआ। आरोपी उक्त हथियार एवं कारतूस रखने संबंधी कोई वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस द्वारा मौके पर ही अवैध हथियार एवं कारतूस जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है।
*सराहनीय भूमिका :*
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील बनौरिया, सउनि प्रेम सिंह इन्दौरिया, प्रधान आरक्षक 204 नीरज शर्मा, प्रधान आरक्षक 585 विनोद सेंगर, आरक्षक 202 राहुल शर्मा, आरक्षक 1010 देवेन्द्र गोयल एवं आरक्षक चालक 616 चन्द्रकान्त की सराहनीय भूमिका रही।