फिरोजाबाद जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त (खाद्य)-II चन्दन पाण्डेय के नेतृत्व में 'ईट राइट इंडिया' अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
अभियान के तहत अस्पतालों, विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, जिला जेल तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों को 'ईट राइट कैंपस' एवं 'ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप' की दिशा में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत जनपद के स्कूलों, अस्पतालों, विश्वविद्यालय कैंटीन, जिला कारागार मैस और प्रमुख धार्मिक स्थलों को ईट राइट कैंपस तथा ईट राइट प्लेस ऑफ वर्शिप के अंतर्गत प्रमाणीकरण का कार्य किया जा रहा है।
जनपद में अब तक 07 संस्थानों को ईट राइट कैंपस का प्रमाणपत्र मिल चुका है।
ईट राइट कैंपस
1. पुलिस लाइन मैस
2. एफएस यूनिवर्सिटी
3. एफएच मेडिकल कॉलेज
4. स्वशासी मेडिकल कॉलेज
5. ट्रामा सेंटर फिरोजाबाद
6. सेवार्थ संस्थान, टूंडला
7. क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान
फरवरी 2026 में शिकोहाबाद स्थित एफएस यूनिवर्सिटी तथा फिरोजाबाद स्थित सेवार्थ संस्थान एवं ट्रामा सेंटर को भी ईट राइट कैंपस का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। इससे पहले पुलिस लाइन, एफएच मेडिकल कॉलेज तथा स्वशासी मेडिकल कॉलेज को यह प्रमाणपत्र मिल चुका था।
स्कूलों और अस्पतालों पर विशेष जोर
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में संचालित रसोई एवं छात्रावास की मेस में स्वच्छता, सुरक्षित खाद्य सामग्री, उचित भंडारण तथा भोजन तैयार करने के दौरान आवश्यक सावधानियों पर जोर दिया जा रहा है। जनपद में जवाहर नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय तथा आश्रम पद्धति विद्यालय को भी ईट राइट कैंपस की दिशा में आगे बढ़ाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
ईट राइट स्कूल
1. कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, दबरई
2. कंपोजिट स्कूल, दबरई
नोट- वर्तमान में 15 विद्यालय प्रमाणीकरण हेतु प्रक्रियाधीन हैं।
अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन तथा बीमारी के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के लिए रसोई की स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को महत्वपूर्ण मानक बनाया जा रहा है। सेवार्थ ट्रामा सेंटर भी ईट राइट कैंपस के रूप में एक नजीर पेश कर रहा है।
जिला जेल भी बनेगा ईट राइट कैंपस
जनपद की जिला जेल को भी ईट राइट कैंपस बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जेल की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और भोजन तैयार करने की स्वच्छ प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
धार्मिक स्थलों तक पहुंचेगा अभियान
ईट राइट पहल को मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा एवं अन्य प्रमुख पूजा स्थलों तक पहुंचाने की योजना है। जहां प्रसाद, भंडारा, लंगर या सामुदायिक भोजन का वितरण होता है, वहां खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित पानी, कच्चे माल की गुणवत्ता, भोजन की सुरक्षित तैयारी तथा वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
उद्देश्य- हर व्यक्ति को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन
खाद्य सुरक्षा विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक सार्वजनिक संस्थानों को ईट राइट अभियान से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके। ईट राइट कैंपस के माध्यम से संस्थानों में खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ स्वच्छता और स्वस्थ खान-पान की आदतों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
जनपद फिरोजाबाद में ईट राइट पहल का विस्तार अस्पताल से स्कूल, जेल से पूजा स्थल तक होने से यह अभियान जन-जन तक सुरक्षित और स्वस्थ भोजन का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।