थाना शहर सफीदों पुलिस ने 8 मुकदमों में बरामद बम, पटाखों व अन्य विस्फोटक सामग्री को किया गया नष्ट
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में थाना शहर सफीदो में गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबाकर नष्ट कि गई करीब 2615 किलो ग्राम विस्फोटक सामग्री
पुलिस अधीक्षक जींद श्रीमती उपासना आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा जब्त की गई विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित एवं नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की गई।
जानकारी देते हुए थाना शहर सफीदों के प्रबंधक अफसर पी उप निरीक्षक चंद्रपाल ने बताया कि थाना शहर सफीदों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विभिन्न मुकदमों में बरामद बम, पटाखे, रॉकेट एवं अन्य विस्फोटक सामग्री को नष्ट किया गया।
उन्होंने बताया कि थाना शहर सफीदों में विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत दर्ज 8 मुकदमों में बरामद विस्फोटक सामग्री लंबे समय से माल मुकदमा के रूप में मालखाने में जमा थी। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद थाना परिसर में जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खुदवाया गया तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट की निगरानी में उक्त सामग्री को पूरी तरह मिट्टी में दबाकर नियमानुसार नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई के दौरान कुल वजन करीब 2615 किलो ग्राम बम, पटाखे, रॉकेट एवं अन्य विस्फोटक सामग्री का निस्तारण किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में थाना शहर सफीदों के प्रबंधक अफसर पी उप निरीक्षक चंद्रपाल तथा मालखाना मोहर्रिर ईएचसी रोहताश सहित थाना के अन्य पुलिस कर्मचारियों ने सहयोग किया।
जींद पुलिस आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जब्त एवं अवैध विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है।
Safidon, Jind | Nov 7, 2026