पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
बीना रिफाइनरी में ₹50 हजार करोड़ के निवेश से हजारों लोगों को मिल सकता है रोजगार
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों के व्यवसायियों और निवेशकों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करने हेतु हर संभव मंच का उपयोग किया जा रहा है। पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास और व्यापार विस्तार का एक बड़ा केंद्र बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गेल की बड़ी पाइपलाइन गुजर रही है और बीना रिफाइनरी में भी बड़े स्तर पर कार्य हो रहा है। सरकार पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को देखते हुए निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश करने के लिए आमंत्रित कर रही है। इसके साथ ही निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश अपने राज्यों की क्षमताओं के आधार पर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर विकास का रोडमैप तैयार कर आगे बढ़ रहा है। इसी दिशा में मध्यप्रदेश सरकार ने औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए ठोस रणनीति बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में निवेश बढ़ने से उद्योगों का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यदि बीना रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश होता है, तो इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने की संभावनाएं बनेंगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करना, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। पेट्रोकेमिकल्स क्षेत्र में निवेश मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान कर सकता है।