‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर संतकबीरनगर में भव्य योग दिवस आयोजन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
#संतकबीरनगर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले के मा. कांशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)’ रही। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेटों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम, जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह तथा जिलाधिकारी आलोक कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि बेचन राम ने संत कबीर की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को स्वस्थ जीवन का आधार मानकर अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होना चाहिए।
विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा विकसित योग पद्धति आज पूरी दुनिया के लिए स्वास्थ्य और कल्याण का मार्ग बन चुकी है। वहीं विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान ने बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों से नियमित रूप से योग एवं व्यायाम करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि योग किसी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के लिए प्रकृति का अनमोल उपहार है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को दैनिक जीवन में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षक विवेक मिश्रा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों तथा विद्यालयों में भी विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न सरकारी एवं शैक्षणिक संस्थानों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में जनपदवासियों से नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, योग प्रभारी एवं नोडल अधिकारी डॉ. इंद्रेश कुमार, डॉ. शिखा जुल्का, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे ।
#InternationalYogaDay #YogaForHealthyAgeing
#YogaDay2026
#SantKabirNagar
#योग_से_स्वस्थ_जीवन