रणजीत सिंह के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन ने सौंपा ज्ञापन, हनुमान मंदिर चौराहे को ब्लैक स्पॉट घोषित करने की मांग
संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित हनुमान मंदिर चौराहे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह की अगुवाई में संगठन के पदाधिकारियों ने जिला अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर स्थित हनुमान मंदिर चौराहा दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है। यहां अवैध यू-टर्न, अतिक्रमण और यातायात सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे आम जनता, किसान, छात्र और व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर अवैध यू-टर्न को तत्काल बंद किया जाए, सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं, चेतावनी संकेतक बोर्ड और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था की जाए तथा सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह ने कहा कि यह केवल किसानों का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता की सुरक्षा का मुद्दा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन जनहित में बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jun 18, 2026