9 लाख की क्रेटा बनी विवाद की वजह, फायरिंग कांड का पुलिस ने किया खुलासा
संतकबीरनगर में मुर्गी फार्म पर हुई जानलेवा फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून की रात को खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के उतरावल गांव स्थित बीर बहादुर राय के मुर्गी फार्म पर लेन-देन और क्रेटा वाहन के विवाद को लेकर आरोपियों ने पहुंचकर फायरिंग की थी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में गठित टीम ने मुख्य आरोपी कृष्णचंद पाण्डेय उर्फ केसी, दीपक पाण्डेय, हनीपाल उर्फ गौरवपाल, दुर्गेश यादव, दुष्यन्त राय, तुषार गुप्ता, झिन्नू कन्नौजिया और देवेन्द्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि करीब चार माह पहले कृष्णचंद पाण्डेय ने बीर बहादुर राय से 9 लाख रुपये में एक क्रेटा वाहन खरीदा था। बाद में वाहन एक अन्य मुकदमे में सीज हो गया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ता गया। इसी रंजिश में आरोपियों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 9 एमएम पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा स्कॉर्पियो, क्रेटा और वैन्यू समेत तीन चारपहिया वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jun 16, 2026