परलीका में कृष्ण बैनीवाल ने संभाला सरपंच पद का कार्यभार, बोले- गांव के विकास में नहीं आने दूंगा कोई कमी, सभी को साथ लेकर चलूंगा
परलीका।ग्राम पंचायत परलीका में सरपंच पद के कार्यभार हस्तांतरण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृष्ण बैनीवाल ने निवर्तमान सरपंच चिड़िया देवी से विधिवत रूप से सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में गांव के सभी वार्ड पंचों सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त सरपंच कृष्ण बैनीवाल ने उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत परलीका के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। गांव के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे सभी वार्ड पंचों एवं ग्रामीणों को साथ लेकर चलेंगे तथा आपसी सहयोग और सामंजस्य से ग्राम पंचायत को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।
कृष्ण बैनीवाल ने कहा कि गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। सड़क, नाली, सफाई, पेयजल सहित अन्य जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा। ग्राम पंचायत के विकास में किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा और सभी वार्डों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य दीपचंद बैनीवाल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी सुनील गोदारा, बृजलाल मेघवाल, उपसरपंच आमीन खान, पूर्व उपसरपंच दयाराम बैनीवाल, डॉ. दलीप बैनीवाल, जगदीश इंदलिया, शरीफ मोहम्मद, राजेन्द्र बैनीवाल, मोहनलाल नुईंया, भंवरलाल सहारण, सुभाष मडांड, सतपाल मडांड, बलदेव बाजीगर,संदीप बैनीवाल,पुनित नाई,एवं रामजी लाल स्वामी सहित गांव के सभी वार्ड पंच एवं अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नवनियुक्त सरपंच कृष्ण बैनीवाल को शुभकामनाएं दीं तथा ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा जताया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एडवोकेट राकेश भारती ने किया।