Public App Logo
#बलरामपुर: दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में अम्बेडकर वाहिनी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन... ₹बलरामपुर। देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में शुक्रवार को बलरामपुर में अम्बेडकर वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए और पेपर लीक के मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों को लेकर अपनी नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करती, तो आगे और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया, जिसमें दिल्ली लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शन में पूर्व विधायक जगराम पासवान, जिला उपाध्यक्ष शफीउल्ला खान, विकास मंत्री, विजय मौर्य, संजय कुमार, महिला सभा की पूर्व अध्यक्ष शबाना खान, सद्दाम हुसैन, अनुरुद्ध यादव, आनंद कुमार, पप्पू यादव, गणेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाइट: मनीष सोनकर, जिलाध्यक्ष, अम्बेडकर वाहिनी। - Balrampur News