आज दिनांक 24.09.2026 को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, मोतिहारी कॉम्प्लेक्स एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, मोतिहारी के संयुक्त तत्वाधान में परिसर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष-सह-अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण), पूर्वी चंपारण श्री शैलेंद्र कुमार भारती, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, मोतिहारी कॉम्प्लेक्स के टर्मिनल प्रबंधक (DGM) श्री राकेश वर्मा, पाइपलाइन प्रबंधक (DGM) श्री अमित कुमार, वरिष्ठ संयंत्र प्रबंधक श्री दीपक कुमार एवं एल•पी•जी• सुरक्षा प्रबंधक श्री अदनान अख्तर द्वारा किया गया। अतिथियों का स्वागत बुके भेंट कर किया गया। तत्पश्चात मोतिहारी टर्मिनल के प्रबंधक (परिचालन) श्री राजीव कुमार ने सर्वप्रथम रक्तदान कर इस पुनीत कार्य का शुभारंभ किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री शैलेंद्र कुमार भारती ने कहा कि नियमित रक्तदान से न केवल दूसरों का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि यह स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभदायक है। उन्होंने खान-पान में सतर्कता और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियों को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में युवाओं की भूमिका पर विशेष बल दिया।
शिविर में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, मोतिहारी कॉम्प्लेक्स के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाचार लिखे जाने तक कुल 19 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका था और रक्तदान की प्रक्रिया जारी थी।
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार, प्रधान सहायक रूपक वर्मा, लैब टेक्नीशियन अमोद कुमार, सुरेश चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
19 views | East Champaran, Bihar | Sep 24, 2026