🚨
कोडरमा में अवैध ग्रीन पत्थर खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, पत्थर लदा पिकअप जब्त
कोडरमा। डोमचांच-ढाब थाना क्षेत्र के गोरियाडीह में अवैध ग्रीन पत्थर खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर अवैध ग्रीन पत्थर लदा एक पिकअप वैन जब्त किया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोडरमा डीएफओ सौमित्र शुक्ला को सूचना मिली थी कि ढाब थाना क्षेत्र से अवैध रूप से ग्रीन पत्थर लोड कर एक पिकअप वैन डोमचांच की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के बाद डीएफओ ने रेंजर रविंद्र कुमार को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया।
रेंजर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने ढाब क्षेत्र में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान डोमचांच थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध पिकअप वैन नजर आई। टीम ने वाहन को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद चालक कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
वन विभाग की टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें अवैध रूप से लदा ग्रीन पत्थर बरामद हुआ। इसके बाद पिकअप वैन को जब्त कर कोडरमा लाया गया और सुरक्षित रखा गया है।
वन विभाग अब अवैध खनन और परिवहन में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
#KodermaNews #Koderma #JharkhandNews #Domchanch #Dhab #GreenStone #IllegalMining #ForestDepartment #IllegalStoneMining #KodermaForest #BreakingNews