सतर्कता से टला बड़ा हादसा
आईजीएल की पाइप लाइन लीक होने से हड़कंप,
वॉल्व बदलकर रोकी गई गैस की लीकेज
मौके पर मौजूद रही पुलिस और फायर ब्रिगेड
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
धारूहेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार दोपहर बाद आईजीएल कंपनी की गैस पाइप लाइन में रिसाव होने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गए। कंपनी के इंजीनियरों ने वॉल्व बदलकर लाइन की लीकेज बंद की। कंपनी की ओर से पाइप लाइन से गैस की आपूर्ति बंद करा दी गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
इंद्रप्रस्थ गैस लि. की ओर से इंडस्ट्रियल एरिया और अन्य स्थानों पर पीएनजी कनेक्शनों के लिए लाइन बिछाई हुई है। दोपहर बाद किसी व्यक्ति ने लाइन के पास से गुजरते हुए गैस रिसाव की आवाज सुनाई दी। उसने तुरंत गैस कंपनी के कस्टमर केयर को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही कंपनी के कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इसके बाद कंपनी के इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। आसपास के एरिया के लोगों को जब गैस लीक होने की सूचना मिली, तो उनमें हड़कंप मच गया।
वॉल्व से लीक हो रही थी गैस
कंपनी के इंजीनियर मौके पर पहुंचे तो पाइप लाइन पर लगे वॉल्व के पास से गैस लीक हो रही थी। इससे पहले ही कंपनी की ओर से पाइप लाइन की गैस सप्लाई को बंद करा दिया गया, ताकि गैस का रिसाव रुक सके। उन्होंने तुरंत वॉल्व मंगवाकर वॉल्व बदलने का कार्य शुरू किया। देर शाम तक वॉल्व बदलने के बाद लीकेज को बंद कर दिया गया। इस दौरान पाइप लाइन से जुड़े उपभोक्ताओं की आपूर्ति घंटों बाधित रही।
गैस लीक की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड।
Rewari, Rewari | Jun 5, 2026