बारात निकलने से पहले प्रेमिका पहुंची दूल्हे के दरवाजे, शादी की जिद पर अड़ी, घंटों चला हंगामा
देवरिया। जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक की बारात निकलने की तैयारी के बीच उसकी कथित प्रेमिका अचानक उसके घर पहुंच गई और उससे शादी करने की जिद पर अड़ गई। युवती के हंगामे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार बरहज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने आरोप लगाया कि चार वर्ष पहले तरकुलवा क्षेत्र का एक युवक उसे नौकरी दिलाने के बहाने गुरुग्राम ले गया था। युवती का कहना है कि वहां दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहते थे। इस दौरान वह कई बार गर्भवती हुई, लेकिन युवक ने उसका गर्भपात करा दिया। युवती का आरोप है कि बाद में दबाव बनाने पर युवक ने उसकी मांग भी भरी, लेकिन अब वह दूसरी जगह शादी कर रहा है और उससे दूरी बना ली है।
युवती ने कहा कि वह युवक से प्रेम करती है और उसी से शादी करना चाहती है। इसी कारण वह बारात निकलने से पहले उसके घर पहुंच गई। हालांकि पुलिस द्वारा शिकायत देने के लिए कहने पर युवती ने युवक के खिलाफ कोई तहरीर देने से इनकार कर दिया।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। युवती को तहरीर देने के लिए समझाया जा रहा है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Deoria, Deoria | Jun 2, 2026