जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल विद्यालय, नावाडीह में राष्ट्रीय हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी का भव्य आयोजन।
नावाडीह, 14 सितंबर 2026, सोमवार,जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स इंटरनेशनल विद्यालय, नावाडीह में राष्ट्रीय हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी का आयोजन बड़े ही हर्ष, उल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं आध्यात्मिक मूल्यों से उन्हें परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की वंदना एवं मंगलाचरण से किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता को दर्शाते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। सामूहिक गीत, एकल गीत, कविता वाचन एवं भाषण ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम और भावनाओं को अभिव्यक्त किया।
कविता वाचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी की मधुरता, समृद्धता एवं भावात्मक शक्ति को प्रस्तुत किया, वहीं भाषण के माध्यम से हिंदी के महत्व तथा राष्ट्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। एकल एवं सामूहिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह और आनंद से भर दिया।
गणेश चतुर्थी के अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान गणेश के स्वरूप, उनके गुणों तथा जीवन में ज्ञान, बुद्धि, विवेक एवं सद्भाव के महत्व को भी समझा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय त्योहारों की सांस्कृतिक एवं नैतिक महत्ता से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री इन्द्रनाथ सिन्हा ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को राष्ट्रीय हिंदी दिवस तथा गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। अपने धन्यवाद ज्ञापन एवं उत्साहवर्धक संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं भावनात्मक एकता की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते ,हुए कहा कि ,हर भाषा,अपना एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है,इसलिए सभी भाषाओं की महत्वों को समझते हुए,हमें उन्हें अपनाना चाहिए।उन्होंने वर्तमान के शिक्षा प्रणाली में 3R भाषा के प्रयोग की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि त्रिभाषा नीति विद्यार्थियों को तीन भाषाएँ सीखने का मौका देकर उनके भाषायी ज्ञान एवं संचार कौशल को समृद्ध करती है। इससे विद्यार्थी अपनी मातृभाषा/क्षेत्रीय भाषा के साथ-साथ हिंदी तथा अन्य भारतीय या विदेशी भाषा का ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। विभिन्न भाषाओं का अध्ययन विद्यार्थियों में बहुभाषिकता, सांस्कृतिक समझ, तार्किक चिंतन एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देता है।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सम्पूर्ण कार्यक्रम भाषा, संस्कृति, भक्ति एवं देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने राष्ट्रीय हिंदी दिवस एवं गणेश चतुर्थी समारोह को एक यादगार एवं प्रेरणादायक अवसर बना दिया।