बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 122 बी पर मुरली टोल के पास शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के बनवारीपुर गांव निवासी श्रीराम साहनी के 15 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार, रमाकांत साहनी के 15 वर्षीय पुत्र रवि किशन कुमार और सीताराम साहनी के 16 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार के रूप में हुई है।
घायल आयुष कुमार ने बताया कि वे विद्यापति से एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर बनवारीपुर लौट रहे थे। मुरली टोल के पास सड़क पर गड्ढे होने के कारण उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और वे गिरकर घायल हो गए।
उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. राजकमल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल हुए तीनों मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बेगूसराय रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में से एक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।