*कलेक्टर सतना डॉ सतीश कुमार एस ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के दिए निर्देश।*
*लोगो से सतर्क और सावधान रहने की अपील*
सतना, 2 सितंबर 2026/मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार सतना जिले में आगामी 24 घंटे में 115 से 204 मिली मीटर तक भारी वर्षा के मद्देनजर कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस ने जिले के नागरिकों से सतर्क रहने, निचले और तटीय इलाकों के निवासियों को ऊंचे सुरक्षित स्थल पर पहुंचने तथा बाढ़ और नदी नालों जलाशयों के निकट नहीं जाने की अपील की है।
उपायुक्त राहत द्वारा सतना, मैहर, रीवा सहित अन्य जिलों के कलेक्टरों को वायरलेस संदेश भेजकर आगामी 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी के संबंध में आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज से कल सुबह 8 बजे तक सतना जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है।
पूर्वानुमान के अनुसार जिले में आगामी 24 घंटे में 115 से 204 मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है। भारी बारिश के मद्देनजर नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि, निचले क्षेत्रों में जलभराव तथा आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस ने जिलेवासियों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और नदी-नालों, पुल-पुलियों तथा जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। उन्होंने नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं राहत दल को सूचना देने की अपील की है।
कलेक्टर ने जिले के अधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा संभावित परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक तैयारियां एवं सतर्कता बरती जा रही है।