अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो घायल, एक की हालत नाजुक
शाहपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी मोड़ के समीप फोरलेन पर अज्ञात ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार तीन लोगों में से दो लोग घायल हो गए। इनमें एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, टक्कर मारने के बाद अज्ञात ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। खबर लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो पाई थी। यह भी स्पष्ट नहीं हो सका था कि वे कहां के रहने वाले हैं और कहां जा रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।