महिला आयोग की सदस्य अनुकंपा गर्ग ने किया वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण
अनुकंपा गर्ग ने वन स्टॉप सेंटर में सेवाओं व सुविधाओं का लिया जायजा, जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध करवाने पर दिया जोर
वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को संकट में दे रहा सहायता, संरक्षण और मार्गदर्शन - डॉ अनुकंपा गर्ग
पंचकूला 1 सितंबर : हरियाणा राज्य महिला आयोग, पंचकूला की सदस्य डॉ अनुकंपा गर्ग ने आज सेक्टर-16, पंचकूला स्थित वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सहायता, सुविधाओं एवं सेवाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता नेहरा तथा वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका श्रीमती शीनम उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान डॉ अनुकंपा गर्ग ने वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं, सुविधाओं और सहायता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सेंटर की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों तथा जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
डॉ अनुकंपा गर्ग ने वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि संकट की परिस्थितियों में महिलाओं को आवश्यक सहायता, संरक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाने में वन स्टॉप सेंटर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता नेहरा तथा सेंटर की पूरी टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के वर्तमान के साथ-साथ उनके सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण, आवश्यक सहयोग तथा सशक्तिकरण के अवसर प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिशा में वन स्टॉप सेंटर द्वारा सराहनीय एवं प्रभावी कार्य किया जा रहा है।
आयोग सदस्य ने सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जरूरतमंद महिलाओं तक विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना भी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका श्रीमती शीनम ने आयोग सदस्य को सेंटर द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।