🔴 आरओबी निर्माण से बंद हुआ मुख्य मार्ग, वैकल्पिक सड़क की मांग को लेकर मीरगंज में दो घंटे तक जाम
मधेपुरा–पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-231, पूर्व में एनएच-107) पर मीरगंज रेलवे ढाला के समीप रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए मुख्य मार्ग बंद किए जाने के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने मीरगंज चौक पर सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान मधेपुरा–पूर्णिया–कुमारखंड मार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उन्हें ओवरब्रिज निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन बिना समुचित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था किए मुख्य सड़क बंद कर देना आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। उनका आरोप था कि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों तक के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं छोड़ा गया है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की कि रहिका टोला नहर मार्ग को दुरुस्त कर तीन और चार पहिया वाहनों के आवागमन योग्य बनाया जाए। उन्होंने बताया कि रतनपट्टी होकर बनाए गए वैकल्पिक मार्ग की स्थिति भी खराब है। बेगा नदी पर स्थायी पुल नहीं होने से वाहन डायवर्सन के सहारे गुजर रहे हैं और बारिश के दौरान यह मार्ग भी बाधित होने का खतरा बना रहता है। वहीं बेलदौर नहर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार जाम लग रहा है तथा जोरगामा नहर पुल पर अतिरिक्त दबाव पड़ने से उसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई गई।
सड़क जाम की सूचना पर मुरलीगंज थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी नुरुल हक तथा अंचलाधिकारी किसलय कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। अंचलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपनी मांगें लिखित रूप में देने को कहा और वरीय अधिकारियों से बात कर समाधान का आश्वासन दिया। वहीं प्रशिक्षु डीएसपी नुरुल हक ने बताया कि एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत कर लोगों की समस्याओं के अनुरूप आवश्यक व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन में जोरगामा पंचायत के अभय कुमार गुप्ता, युवा नेता अमित यादव, टुनटुन यादव, भास्कर यादव, निखिल कुमार, राजेश साह, शैलेन्द्र साह, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
📹 Sanjay Kumar मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times