चम्बा में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का आगाज, सरकारी कार्यालयों को तंबाकू मुक्त बनाने के DC ने दिए निर्देश
कोटपा अधिनियम का सख्ती से होगा पालन, नियम तोड़ने वालों के कटेंगे चालान; युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जाएगा जागरूक
चम्बा, 13 नवंबर। जिला चम्बा में युवाओं को तंबाकू और नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया गया। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से अभियान की शुरुआत हुई।
इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी कार्यालयों को पूर्ण रूप से तंबाकू मुक्त बनाया जाए। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा) के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान किए जाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रयास करना है। इसके तहत जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें युवाओं, शिक्षण संस्थानों और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है, जिसकी बैठक में समीक्षा भी की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
वहीं, जिला कार्यक्रम अधिकारी-स्वास्थ्य डॉ. करण हितेशी ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना और प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, सभी स्वास्थ्य खण्ड चिकित्सा अधिकारी, दीपक आनंद, एसी फूड सेफ्टी चम्बा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#TribalLiveNews #TobaccoFreeYouth #Campaign40 #ChambaNews #DCChamba #DrugFreeHimachal #YouthAwareness #TobaccoFreeIndia
Chamba, Chamba | Nov 13, 2026