सांची विकासखण्ड के ग्राम गुदरई में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर आयोजित
विधायक डॉ चौधरी तथा कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्रामीणों की समस्याओं का किया समाधान, योजनाओं के हितलाभ भी किए वितरित
------
------
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सांची विकासखंड के ग्राम गुदरई में आयोजित जिला स्तरीय शिविर का शुभारंभ सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी एवं कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। शिविर में विधायक डॉ चौधरी एवं कलेक्टर श्री सिसोनिया ने नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत लंबित प्रकरणों का भी निराकरण किया गया।
शिविर में विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आमजन की समस्याओं के शीघ्र निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया है। सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। साथ ही इन योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक सुगमता से पहुंचे, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शिविर में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं सहित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितलाभ पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए।
शिविर स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विधायक डॉ चौधरी एवं कलेक्टर श्री सिसोनिया ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं, सेवाओं और हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनका लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में अधिकारियों ने नागरिकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
Raisen, Madhya Pradesh | Nov 13, 2026