➡️ कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सागर ऑनर रन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न, व्यवस्थाओं के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
➡️ सागर ऑनर रन 13 दिसंबर को आयोजित की जाएगी, पंजीयन प्रांरभ
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सागर ऑनर रन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में कर्नल अमित कुमार झा ने बताया कि सागर ऑनर रन 13 दिसंबर 2026 दिन रविवार को प्रात: 6 बजे से आयोजित की जाएगी जिस हेतु पंजीयन शुरू हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि दौड़ खेल परिसर से शुरू होगी एवं समापन भी खेल परिसर में ही होगा। दौड़ खेल परिसर से लाखा बंजारा झील के बाजू से होकर दीनदयाल उपाध्याय चौक, बुन्देलखंड मेडीकल कॉलेज, होटल रॉयल पैलेस, आईएसबीटी एवं बरगद अस्पताल तक जाएगी एवं उसी रास्ते से वापिस लौटेगी। यह रन 5 किमी, 10 किमी एवं 21 किमी तीन श्रेणियों के लिए आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, मेडल, प्रशंसा पत्र एवं बंडाना प्रदान किया जाएगा एवं विजेता के लिए 20 हजार रुपए की राशि से पुरुस्कृत किया जाएगा।
सागर ऑनर रन में प्रतिभागी चार श्रेणी में सहभागिता कर सकते हैं। 30 वर्ष या उससे कम, 31 से 40 वर्ष, 41 से 50 वर्ष एवं 51 वर्ष या उससे अधिक। सागर ऑनर रन में परम वीर चक्र प्राप्त रिटा. सूबेदार मेजर संजय कुमार एवं ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) से जुड़ी कर्नल सोफिया कुरैशी (भारतीय सेना) शामिल होंगी। बैठक में सेना अधिकारी मेजर प्रमोद, लेफ्टिनेंट संदीप सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
पंजीकरण शुल्क
शुल्क 800/- 21 Km के लिए।
शुल्क 600/- 10 Km के लिए।
25% छूट NCC कैडेट, सेवारत/भूतपूर्व सैनिक, सैन्य कर्मियों पर आश्रित, राज्य/केंद्र सरकार के कर्मचारी।
50% छूट पिछले सागर ट्रेल रन के विजेताओं के लिए।
100% छूट गैलेंट्री अवॉर्ड विजेताओं के लिए।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने सागर ऑनर रन के सुचारू एवं सफल आयोजन के लिए उपस्थित अधिकारियों को पुलिस व्यवस्था, बैरीकेटिंग, एम्बुलेंस, चिकित्सा सुविधा मय डॉक्टर, अनवरत विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर सागर ऑनर रन को सफलतम रूप से संपन्न कराएं। उन्होंने कहा कि सागर ऑनर रन में अधिक से अधिक सहभागिता हेतु विद्यालयों, विश्वविद्यालयों, शहर में स्थित जिम, खेल परिसरों एवं सिटी स्टेडियम में प्रशिक्षण ले रहे कैंडीडेट्स को प्रेरित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं नोडल अधिकारी सागर ऑनर रन श्री जगदीश कुमार गोमे, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, सीएसपी श्री ललित कश्यप, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला खेल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #sagar
4 views | Sagar, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026