जीभी घाटी पर्यटन विकास संघ एवं खाड़ागाढ़ पंचायत प्रधान श्रीमती सुशीला देवी ने पुलिस अधीक्षक कुल्लू एवं डीएसपी बंजार का किया स्वागत
जीभी घाटी पर्यटन विकास संघ (JVTDA) के अध्यक्ष कैप्टन किशन चौहान (सेवानिवृत्त) एवं ग्राम पंचायत खाड़ागाढ़ की प्रधान श्रीमती सुशीला देवी ने पुलिस अधीक्षक कुल्लू श्री अभिषेक एस. (IPS) तथा डीएसपी बंजार श्री राज कुमार से शिष्टाचार भेंट कर जीभी घाटी में उनका हार्दिक स्वागत किया।
बैठक के दौरान जीभी घाटी की पर्यटन संभावनाओं, क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा पर्यटन के सतत एवं सुरक्षित विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित विनम्र सुझाव एवं अनुरोध प्रस्तुत किए—
जीभी घाटी में अवैध एवं अनैतिक पर्यटन गतिविधियों, नशे, रेव पार्टियों तथा बिना पंजीकरण के ठहरने वाले पर्यटकों, लीजधारकों एवं संचालकों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी एवं पुलिस गश्त को सुदृढ़ किया जाए।
राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर जीभी क्षेत्र में बढ़ती यातायात भीड़ को देखते हुए सड़क किनारे सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था तथा अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक यातायात प्रबंधन योजना तैयार की जाए, ताकि स्थानीय निवासियों, विद्यालयी बच्चों एवं आपातकालीन सेवाओं को होने वाली असुविधा कम हो सके।
जीभी में यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु दो पुलिस कर्मियों की स्थायी तैनाती की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक एस. एवं डीएसपी श्री राज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा पर्यटन और स्थानीय समुदाय के हित में पुलिस प्रशासन एवं जीभी घाटी पर्यटन विकास संघ के बीच निरंतर समन्वय एवं सहयोग का आश्वासन दिया।
जीभी घाटी पर्यटन विकास संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं जिम्मेदार पर्यटन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकेगा।
Kullu, Kullu | Aug 26, 2026