सनातन पाठशाला द्वारा पर्यावरण शुद्धि यज्ञ
उदयपुर। 7 जून। सनातन पाठशाला समिति, उदयपुर द्वारा यूनिवर्सिटी रोड स्थित इंग्लिश क्रांति इंस्टिट्यूट में पर्यावरण शुद्धि यज्ञ का आयोजन रविवार को यजमानों द्वारा अपने जन्म दिवस पर एक पौधा और यज्ञ द्वारा पर्यावरण शुद्ध करने के संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ। संयोजक दीपेश जैन ने बताया कि सनातन पाठशाला समिति के अध्यक्ष वैदिक पुरोहित भूपेंद्र शर्मा ने वेद मंत्रों के साथ यज्ञानुष्ठान कर यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब हम यज्ञ से हवा को शुद्ध, पवित्र, मेडिकेटेड करते हैं तो रोग नाशक हवा से हमारा स्वयं का, पड़ोसियों, पशु, पक्षियों, खेतों और बादलों का उपकार होता है। जब उनका उपकार होता है तो हमारा भी उपकार होता है। अग्नि में डाली गई औषधीय हवन सामग्री, गौ घृत, संविधाएं हज़ारों गुना बढ़ कर पर्यावरण को लाभ पहुंचाती है।
आचार्या सविता आर्या ने ईश्वर के शुद्ध स्वरूप पर उद्बोधन में कहा कि ईश्वर एक है, सर्व व्यापक है, न्यायकारी है और हमारा स्थाई और सबसे अच्छा मित्र है। यदि हम ईश्वर को साक्षी मान कर हर कार्य करें तो सदैव बुराइयों से बचे रहेंगे। योगाचार्य प्रीतम सिंह चुंडावत ने अनुलोम विलोम, भ्रामरी और उद्गीत प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि मन में जमे जन्म जन्मांतरों के कुसंस्कारों को प्राणायाम और यज्ञ से नष्ट कर श्रेष्ठ संस्कारों को बढ़ाया जा सकता है। योगाचार्य जिग्नेश शर्मा ने जीवन में सफलता प्राप्ति हेतु विशेष ध्यान का अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि विश्व की समस्याओं का मुख्य कारण सामाजिक प्रदूषण राग और द्वेष है। राग से लालच और द्वेष से क्रोध बढ़ता है। हवन और ध्यान इन समस्याओं का मुख्य समाधान है। उन्होंने प्रत्येक दिन यज्ञ और योग करने, मोबाइल का प्रयोग केवल पढ़ाई में करने, सूर्योदय से पहले जागने, रात को जल्दी सोने, बड़ों की आज्ञा का पालन करने, सत्य बोलने, गुस्सा और झगड़ा न करने हेतु सभी प्रतिभागियों को संकल्प दिलाया। शान्ति पाठ, जयघोष और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालकों, किशोरों और युवाओं ने भाग लिया।
#udaipur
Girwa, Udaipur | Jun 8, 2026