12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर
जहानाबाद। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, बैंकों एवं बीमा कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय एवं लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक विद्युत अभियंता, भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड के पदाधिकारी, माप-तौल पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला वन क्षेत्र पदाधिकारी समेत विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने विभाग एवं संस्थानों में लंबित मामलों को चिह्नित कर आवश्यक अभिलेख एवं सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराएं। इससे अधिक से अधिक मामलों को राष्ट्रीय लोक अदालत में सूचीबद्ध कर उनका शीघ्र निष्पादन किया जा सकेगा।
बैंक ऋण और चेक बाउंस मामलों पर विशेष जोर
बैठक में बैंक ऋण, साख संबंधी मामले, चेक बाउंस, बीमा दावा एवं मुआवजा से जुड़े मामलों के प्री-लिटिगेशन स्तर पर ही आपसी समझौते से समाधान कराने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही लंबित वादों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने बैंक प्रबंधकों एवं बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत के उद्देश्य और इसके लाभों की जानकारी आमलोगों तक पहुंचाएं। इसके लिए अपने स्तर से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक पक्षकार लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का सरल, त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान करा सकें।