UP LIVE सीतापुर में करवाचौथ के पर्व पर पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा। करवाचौथ की आस्था जिला कारागार में भी देखने को मिली, जहां जेल में बंद विवाहित महिलाओं ने परंपरा के अनुसार अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा।
जिला कारागार में बंद कुल 50 महिला बंदियों में से 27 महिलाओं ने करवाचौथ का व्रत रखा। खास बात यह रही कि इनमें से 17 महिलाओं के पति भी इसी जिला कारागार में बंद हैं।
व्रत रखने वाली महिला बंदियों के लिए जेल प्रशासन की ओर से मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना और आरती की व्यवस्था कराई गई। साथ ही महिलाओं को अपने पतियों से मुलाकात करने का अवसर भी दिया गया।
जेल की चारदीवारी के भीतर भी महिलाओं ने करवाचौथ की परंपरा निभाते हुए अपने वैवाहिक जीवन और पतियों की लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान जेल प्रशासन की ओर से धार्मिक अनुष्ठान की व्यवस्था की गई, ताकि महिला बंदियां जेल में रहते हुए भी पर्व की परंपराओं का पालन कर सकें।