निगोही में पुलिस मुठभेड़,चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद,एक बदमाश घायल,दूसरा गिरफ्तार
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की गई। जवाबी फायरिंग में पीलीभीत निवासी बिन्दु के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी प्रतापगढ़ निवासी रोहित सरोज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, धुल्लिया चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दो लोगों के बीसलपुर मार्ग से पीलीभीत जाने की सूचना मिली। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी कच्चे रास्ते से जंगल की ओर भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिन्दु घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली दो अक्टूबर की रात गुरगांव स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट से चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।