प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 25.07.2026
बिहार सरकार के सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित कार्यक्रम का समाहरणालय में हुआ सीधा प्रसारण, उत्कृष्ट कर्मियों को किया गया सम्मानित।
बिहार सरकार के सूचना एवं जन-संपर्क विभाग, पटना के निर्देशानुसार बिहार सरकार के सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आज समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके उपरांत राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य आमंत्रित अतिथियों ने देखा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा राज्य सरकार के विगत 100 दिनों में विभिन्न विभागों के माध्यम से किए गए जनहितकारी कार्यों, विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, पंचायत विकास, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड निर्माण, सहयोग शिविर, प्रगति यात्रा एवं समृद्धि यात्रा के अंतर्गत संचालित योजनाओं, रोजगार सृजन, पर्यटन विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए उल्लेखनीय कार्यों का उल्लेख किया गया। साथ ही राज्य सरकार की भावी विकास योजनाओं एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में विभागवार उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म एवं प्रस्तुति का भी अवलोकन किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराने के लिए समन्वित प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान लखीसराय जिले के विभिन्न विभागों एवं कार्यालयों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कर्मियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कार्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं जनसेवा के प्रति समर्पण अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का समापन बिहार गीत के साथ हुआ। जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा कार्यक्रम का सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित किया गया तथा सभी संबंधित विभागों के सहयोग से इसका सुचारु संचालन किया गया।
इस आयोजित कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, लखीसराय श्री नीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती पम्मी रानी, सिविल सर्जन, लखीसराय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्री धीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
7 views | Lakhisarai, Bihar | Jul 25, 2026