महाराणा प्रताप जयंती पर निगम ने सार्वजनिक स्थानों और पार्कों में चलाया स्वच्छता अभियान
मुख्य मार्गों, पार्कों व सार्वजनिक स्थानों को चमकाया, नालों नालियों की सफाई की
यमुनानगर। महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर नगर निगम द्वारा पूरे शहर और विभिन्न पार्कों में महा सफाई अभियान चलाया गया। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर चलाए अभियान के अंतर्गत शहर के मार्केट एरिया, सार्वजनिक स्थलों, रिहायशी क्षेत्रों, पार्कों एवं प्रमुख मार्गों की विशेष साफ-सफाई की गई। साथ ही सड़कों पर फैले कूड़ा-कचरे को हटाकर उसका उचित निस्तारण किया गया और नालों नालियों की सफाई भी सुनिश्चित की है। अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के तहत रेलवे रोड, मीरा बाई मार्केट, न्यू मार्केट, छोटी लाइन, वर्कशॉप रोड समेत विभिन्न सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई की गई। जहां नालियों और नाले जाम मिले, उनकी सफाई कराई गई।
---------
श्रमदान कर पार्कों को चमकाया -
अभियान के तहत निगम द्वारा वार्ड-9 की मॉडल कॉलोनी स्थित महाराणा प्रताप पार्क तथा वार्ड-13 की जम्मू कॉलोनी स्थित लाडो पार्क में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पार्कों और उनके आसपास के स्थलों में श्रमदान कर विशेष सफाई की गई। पार्क परिसरों में फैले कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया गया तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर लोगों को अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
------------
स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करें-
नगर निगम की टीम ने नागरिकों को नियमित साफ-सफाई के महत्व बताया और कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) पर विशेष जोर दिया। लोगों से अपील की गई कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करें। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के विशेषज्ञ आकाश कुमार, दुर्गेश कुमार और गगन बेनीवाल ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और जनसहयोग के बिना स्वच्छता के लक्ष्य को हासिल करना संभव नहीं है।
---------
स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व- बहमनी
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। नागरिकों को स्वच्छता गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों का मुख्य उद्देश्य सिर्फ सफाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों के व्यवहार में बदलाव लाना है। जब तक आमजन कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक नहीं होंगे, तब तक पूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।
फोटो कैप्शन - अभियान के तहत रेलवे रोड की सफाई करते निगम कर्मी।
अभियान के तहत लाडो पार्क की सफाई करती महिलाएं।
अभियान के तहत महाराणा प्रताप पार्क की सफाई करते निगम कर्मी।