बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव में शादी के महज 11 महीने बाद एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
दहेज के लिए प्रताड़ित करने और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर हत्या किए जाने के आरोप में पुलिस ने सिपाही पति समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पति के साथ उसकी मां और पिता भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को नवानगर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस मामले में मृतका के परिजनों की ओर से दहेज उत्पीड़न और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया था। आरोप है कि विवाहिता को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। उसका पति अवनीन्द्र गुप्ता पुलिस विभाग में सिपाही है और वर्तमान में मिर्जापुर में तैनात बताया गया है।
मिली तहरीर के आधार पर सिकंदरपुर थाने में मुकदमा संख्या 294/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2), 85 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को सिकंदरपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करमौता पावर हाउस तिराहे से तीनों कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीन्द्र गुप्ता (33), उनकी मां किरन देवी (60) और पिता इन्दु प्रकाश गुप्ता (63), निवासी नवानगर, थाना सिकंदरपुर, जनपद बलिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है। विवाहिता की मौत के मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।
#Ballia #Balliakhabar
Belthara Road, Ballia | Nov 16, 2026