प्रेस विज्ञप्ति
28 सितंबर 2026
जमुई: आगामी दुर्गापूजा पर्व-2026 को संपूर्ण जिले में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जमुई की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जमुई व झाझा सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा थानों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से निर्देश दिया गया कि जिले में स्थापित होने वाले सभी पूजा पंडालों के लिए विधिवत अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा तथा बिना पूर्वानुमति के किसी भी स्थान पर पंडाल निर्माण अथवा सार्वजनिक पूजा का आयोजन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके अतिरिक्त, पूजा के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु सख्त शर्तें निर्धारित की गई हैं, जिनका अनुपालन आयोजकों को अनिवार्य रूप से करना होगा। पर्व के दौरान ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संपूर्ण जिले में रात्रि 10 बजे के पश्चात लाउडस्पीकर बजाने पर रोक रहेगा और डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू रहेगा।
विधि-व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने हेतु जिले के सभी चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, इसके लिए सभी थानाध्यक्षों और अंचल अधिकारियों को स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि असामाजिक एवं माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर निरंतर एवं सूक्ष्म निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबर अथवा अफवाह को तत्काल नियंत्रित किया जा सके। सभी थानाध्यक्षों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत स्थानीय शांति समिति की बैठकें आयोजित कर आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
5 views | Jamui, Bihar | Sep 28, 2026