मुहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर चक्रधरपुर थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न
चक्रधरपुर: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को चक्रधरपुर थाना परिसर स्थित सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने की।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सय्यद मुस्तफा हाशमी, नगर परिषद एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक तथा विभिन्न मुहर्रम अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की गई। साथ ही प्रशासन की ओर से सभी अखाड़ा समितियों एवं नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा जताई गई, ताकि मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।