जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन कार्यक्रम आयोजित
नगरपालिका अध्यक्ष ने किया मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन
-----
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग ने नगरपालिका भवन श्योपुर में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गत 19 मार्च से 30 जून तक आयोजित अभियान के तहत जल संरक्षण के विभिन्न कार्यक्रम किये गये तथा नागरिकों को जल संरचनाओं के संरक्षण के साथ ही पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान सीप नदी में विभिन्न घाटों पर जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान आयोजित किये गये तथा नदी घाट पूजन के कार्यक्रम आयोजित किये गये। बीबीजी की बावडी की साफ-सफाई का कार्य करने के साथ ही कदवाल नदी की साफ-सफाई का कार्य भी किया गया। इसके साथ ही तपोवन में पौधरोपण कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाये गये। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल के दौरान नगर में प्याऊ का संचालन किया गया और पक्षियों के लिए दाना पानी अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर सकोरे लगाये गये है। नगरीय क्षेत्र में विभिन्न नालों की सफाई भी कराई गई है।नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग द्वारा इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के जल संरक्षण पर आधारित संदेश का वाचन भी किया गया।
समापन कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना, पार्षदगण श्री विष्णु पाराशर, श्री खालिद फारूकी, श्री अकबर अली, श्री जुगल मेहरा, पार्षद प्रतिनिधि श्री दीपचंद रेगर, समाजसेवी श्री कैलाश पाराशर, डॉ ओमप्रकाश टकसाली, श्री सुधाकर पचौरी, श्री नाथूलाल सोनी, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू गौतम, उपयंत्री श्री पवन गर्ग आदि उपस्थित रहें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय ने कहा कि अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण के कई कार्य संपन्न हुए है, नगरीय क्षेत्र में सीप एवं कदवाल नदी स्थित विभिन्न घाटो की साफ-सफाई का कार्य संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि फरवरी माह में आयोजित हुई सीप संकल्प पदयात्रा के माध्यम से सीप नदी के संरक्षण की पहल जिला पुरातत्व एवं पर्यटन विकास परिषद द्वारा की गई है। उन्होंने कहा कि नदियों का संरक्षण करना हमारा दायित्व है।
नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना ने कहा कि जीवन के लिए जल महत्वपूर्ण है, यह प्रकृति का बडा उपहार है, हमारा नैतिक दायित्व है कि जल संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करें, जल ही जीवन का आधार है और हमारी समृद्धि का भी आधार है। जल संरक्षण में सभी की सहभागिता आवश्यक है, हमें अपने व्यवहार में जल संरचनाओं की स्वच्छता, संरक्षण और रख-रखाव को शामिल करना होगा।
जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह द्वारा भी जन अभियान परिषद के माध्यम से जल संरक्षण के लिए आयोजित की गई विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार श्री आदित्य चौहान द्वारा किया गया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत मॉ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जलन के साथ हुई। कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण के लिए आयोजित गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, समूह की महिलाओं, नगरपालिका अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित जन समूह को श्रीमती नेहा सिंह द्वारा जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई।
प्रदर्शनी का आयोजन
नगरपालिका परिषद श्योपुर द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, इसके साथ ही कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा द्वारा जल संरक्षण पर रचित कविता मै पानी की बूंद भी बैनर पर डिस्प्ले की गई। प्रदर्शनी में सीप संकल्प पदयात्रा के दौरान आयोजित की गई गतिविधियां भी फोटोग्राफर्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई। अतिथियों एवं उपस्थित नागरिको द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
1 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Jul 2, 2026