हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की आज 15वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर बिश्नोई परिवार की ओर से आदमपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम रखा गया। यहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी शामिल हुए। उन्होंने समाधि स्थल की परिक्रमा की। बिश्नोई परिवार के साथ वह 20 मिनट बैठे। इसके बाद वह मीडिया से बिना बात किए ही चले गए।
गौरतलब है कि 24 अप्रैल को भाजपा सांसद रेखा शर्मा ने चौधरी भजनलाल को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में घमासान मच गया था। कुलदीप बिश्नोई के बड़े भाई और कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने इस मामले में भाजपा सरकार को घेरते हुए रेखा शर्मा को कानूनी नोटिस भी भेजा गया था।
रेखा शर्मा के बयान और पार्टी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी भी सामने आई थी। हालांकि बाद में रेखा शर्मा ने अपने बयान पर माफी मांग ली थी। इसके बाद 1 जून को मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद दिल्ली स्थित कुलदीप बिश्नोई के आवास पर उनसे मिलने पहुंचे थे। ऐसे में मुख्यमंत्री का पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होना भाजपा के डैमेज कंट्रोल प्रयासों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। #aadampur #citybignews #haryana #hisar
Hisar, Hissar | Jun 3, 2026