पहाड़ी CHC चौराहे पर हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने की ब्रेकर बनवाने की मांग
नवरात्रि में बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था जरूरी
पहाड़ी, चित्रकूट। चित्रकूट जिले के पहाड़ी कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के पास स्थित चौराहे पर दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इस चौराहे से एक रास्ता पालेश्वर नाथ विद्यालय, दूसरा पहाड़ी कस्बे, तीसरा कर्वी और चौथा ग्रामीण क्षेत्रों की ओर जाता है। दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही के चलते यहां काफी चहल-पहल रहती है।
ग्रामीणों के अनुसार, चौराहे पर मोड़ होने के कारण आए दिन सड़क हादसों की आशंका बनी रहती है। ऐसे में ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
वहीं, नवरात्रि के अवसर पर इसी चौराहे पर माता रानी की स्थापना होने से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यहां स्पीड ब्रेकर बनवाना और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करना बेहद जरूरी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग ग्रामीणों की मांग पर कब तक कार्रवाई करता है।