चार बच्चों की दुखद मृत्यु की घटना पर जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई
परिजनों की जांच और पानी के सैंपल लिए
परिवार को दी राहत
रिपोर्ट आने तक झरने के पानी का उपयोग न करने की अपील
ग्राम गोरा टीला स्थित झरने के पानी के उपयोग के बाद चार बच्चों की दुखद मृत्यु की घटना पर जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लिया गया है।
इस घटना की सूचना मिलते ही तत्काल कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री Arpit Verma IAS ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए और मंगलवार को ही पिकनिक मनाने गए सभी परिजनों के सैंपल जांच के लिए गए हैं। डॉक्टर्स की 2 टीम बनाकर 50 ब्लड सैंपल लिए गए हैं।
इसके अलावा पानी की जांच के लिए भी सैंपल लिए गए है। तौकीर अहमद की 17 वर्षीय पुत्री ताशीन की जांच में समस्या पाए जाने पर अल्ट्रासाउंड कराकर इलाज कराया जा रहा है। चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार शिवपुरी शहर के वार्ड 9 हम्माल मोहल्ला निवासी श्री रजा मोहम्मद एवं फिजिकल थाना के सामने निवासरत श्री तनवीर के परिवार के 15 सदस्य गोराटीला झरने में पिकनिक मनाने गए थे। जहां उन्होंने स्नान किया और खाना खाया, जिसके बाद स्वास्थ्य बिगड़ने पर बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई।
*एसडीम ने मौके पर किया निरीक्षण*
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर कोलारस एसडीएम श्री शिवदयाल धाकड़ ने प्रशासनिक अमले, पटवारी, सरपंच और ग्रामवासियों के साथ सिद्ध बाबा झरने व गोरा टीला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग को गांव में सर्वे करने, ग्रामीणों की स्वास्थ्य निगरानी रखने और लक्षण दिखने पर तुरंत इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
*जिला प्रशासन की जनहित में अपील*
जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने तक ग्रामीणों से सिद्ध बाबा झरने के पानी में नहाने, पीने या इसे किसी भी घरेलू उपयोग में न लाने की अपील की है।
*पीड़ित परिवारों को राहत राशि और संबल*
जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिजन को आर्थिक राहत पहुंचाई गई है। कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला ने परिवार से मिलकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और रेडक्रॉस से पीड़ित परिवारों को 1.5 लाख की राहत राशि का चैक सौंपा।
Collector Shivpuri
#shivpuri
48 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026