तेज रफ्तार बाइक का विरोध पड़ा भारी! आधी रात कॉलोनी में घुसकर परिवार पर हमला, बाइक छोड़ भागे आरोपी...
ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र स्थित दुर्गापुरी कॉलोनी में तेज रफ्तार और शोर मचाते हुए बाइक चलाने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कॉलोनी निवासी शिवसिंह भदौरिया ने युवकों को तेज आवाज में बाइक चलाने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी रात करीब 12 बजे उनके घर पहुंच गए और विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते बहस मारपीट में बदल गई और परिवार के कई सदस्य हमले का शिकार हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद घबराए आरोपी अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया है।