हल्द्वानी में नकली IB ऑफिसर पकड़ा गया_ कौन है ये मोहासिब
#gkmnews
हल्द्वानी।नीली बत्ती लगी कार, उस पर ‘भारत सरकार’ का बोर्ड, हाथ में फर्जी आईबी की पहचान और साथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन… इन चीजों के सहारे रौब जमाना एक 24 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। तिकोनिया चौराहे पर सघन चेकिंग के दौरान नैनीताल पुलिस ने खुद को IB अधिकारी बताने वाले युवक का फर्जीवाड़ा पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार (UP25CS 9327) आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की तो उसने खुद को I.B. Officer बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया।
जब पुलिस ने उससे पद, नियुक्ति और पहचान से जुड़े दस्तावेजों के बारे में जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस को आईडी और कागजात पर शक हुआ तो वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी में जो सामान मिला, उससे पूरा मामला खुल गया।
डैशबोर्ड से निकला फर्जीवाड़ा
पुलिस के अनुसार कार से फर्जी I.B. आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह रौब दिखाने के लिए एयरगन अपने साथ रखता था। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि वह फर्जी पहचान और दस्तावेजों के जरिए खुद को I.B. अधिकारी/जवान बताकर प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी की पहचान मो. मोहासिब खान (24), निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मामले में थाना हल्द्वानी में FIR संख्या 315/2026 दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है और आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
सघन चेकिंग में खुला फर्जीवाड़ा
यह कार्रवाई SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार ने की, जबकि कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, कांस्टेबल मो. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
नैनीताल पुलिस का सख्त संदेश
नैनीताल पुलिस ने कहा है कि जनपद में बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग लगातार जारी रहेगी। फर्जी पहचान, सरकारी पद का नाम लेकर रौब जमाने या सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#FakeIBOfficer #HaldwaniNews #NainitalPolice
Haldwani, Nainital | Sep 13, 2026