*पवन मीणा बदमाशी नहीं करते तो मृतक के परिजनों को उसी दिन मिल जाती आर्थिक सहायता: मदन दिलावर-
कोटा। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को बांदा धरमपुरा वार्ड-3 में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने वार्ड के पूर्व उप महापौर पवन मीणा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पवन मीणा ने “बदमाशी” नहीं की होती तो हादसे में मृत व्यक्ति के परिजनों को उसी दिन आर्थिक सहायता मिल सकती थी।
मंत्री दिलावर ने कहा कि पवन मीणा इसी वार्ड से उप महापौर रहे हैं। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी और नगर निगम में भी कांग्रेस का बोर्ड था। इसके बावजूद लोगों के पट्टे नहीं बनवाए गए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि लोगों से पट्टे के फॉर्म भरवाने तक के पैसे लिए गए।
दिलावर ने कहा कि वह कुछ समय पहले स्कूल में कमरों के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए यहां आए थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि पूर्व सरपंच के पति की हादसे में मौत हो गई है। उन्होंने मौके पर रुककर मृतक के बेटे से मुलाकात की।
मंत्री के अनुसार, मृतक के परिवार को उसी दिन आर्थिक सहायता मंजूर कराई जा सकती थी, लेकिन उनके आरोप के मुताबिक पवन मीणा के हस्तक्षेप के कारण सहायता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि अब सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
मदन दिलावर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कभी लोगों का भला नहीं करती, जबकि भाजपा सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रही है।
Ladpura, Kota | Aug 19, 2026