तिरहुत स्नातक चुनाव को लेकर सोनबरसा में राजद का रश्मि विनायक गौतम के पक्ष में मतदाता मिलन समारोह
ब्यूरो चीफ़, (जन मंच बिहार) सीतामढ़ी: जिले के सोनबरसा प्रखंड मुख्यालय स्थित कौशल्या शरण उत्सव हॉल में बुधवार को तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के राजद प्रत्याशी डॉ. रश्मि विनायक गौतम के समर्थन में मतदाता मिलन समारोह आयोजित किया गया। अध्यक्षता जिला पार्षद मोहम्मद आलमगीर ने की, जबकि संचालन पूर्व पार्षद सुरेंद्र कुमार यादव ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में स्नातक मतदाताओं के साथ राजद नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
मुख्य अतिथि राजद प्रत्याशी डॉ. रश्मि विनायक गौतम ने कहा कि वह क्षेत्र के विकास और स्नातक मतदाताओं की समस्याओं को मजबूती से उठाने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता लोकतंत्र के असली मालिक हैं और उनका एक-एक मत बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं से समर्थन देकर विधान परिषद भेजने की अपील की, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाकर समाधान का प्रयास किया जा सके।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डॉ. रामचंद्र पूर्वे ने कहा कि यह चुनाव केवल किसी व्यक्ति को जिताने का नहीं, बल्कि क्षेत्र की आवाज को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने परिहार विधानसभा क्षेत्र से डॉ. गौतम को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद सीताराम यादव ने कहा कि डॉ. रश्मि विनायक गौतम के पक्ष में जनता का समर्थन है और उनकी जीत भारी मतों से होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने की अपील की। समारोह को जिला राजद अध्यक्ष व पूर्व विधायक सुनील कुशवाहा, पूर्व विधायक जयनंदन यादव, डॉ. स्मिता पूर्वे, मोहम्मद जलाउद्दीन खां, जिला पार्षद सुनील कुमार उर्फ संजय प्रमुख सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।