*पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिस जवानों को दी गई श्रद्धांजलि*
---
*इंदौर में शोक परेड आयोजित, कर्तव्यपथ पर प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को किया नमन*
इंदौर, 21 अक्टूबर 2026
कर्तव्यपथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार को 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, महेश गार्ड लाइन, इंदौर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं शोक परेड आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह सहित उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग, उप पुलिस महानिरीक्षक श्री अमित सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर, पुलिस उप महानिरीक्षक ग्रामीण इंदौर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुलिस स्मृति दिवस का इतिहास 21 अक्टूबर 1959 की उस घटना से जुड़ा है, जब लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में भारतीय सीमा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर चीनी सैनिकों ने हमला किया था। समुद्र तल से लगभग 4,681 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस क्षेत्र में भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस के उप पुलिस अधीक्षक करम सिंह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के उनके सहयोगी गश्त पर थे। इस हमले में 11 वीर जवान शहीद हुए, जबकि अन्य जवानों को बंदी बना लिया गया। इस घटना के बाद से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है और कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक की अवधि में देशभर में कुल 154 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए, जिनमें मध्यप्रदेश के 9 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। शहीद जवानों के नामों का वाचन श्री अभिषेक आनंद, सेनानी, 15वीं/प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, इंदौर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रथम वाहिनी, 15वीं वाहिनी, जिला बल, आरएपीटीसी एवं होमगार्ड इंदौर के प्लाटून सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों को सलामी दी। पुलिस स्मृति दिवस परेड की कमान श्री राजेश गोखले, सहायक सेनानी, 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, इंदौर तथा श्री सतेन्द्र शर्मा, निरीक्षक (विसबल), 15वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, इंदौर ने संभाली।
कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए उनके समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया गया।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #PoliceCommemorationDay #पुलिसस्मृतिदिवस
Indore Police
Jansampark Madhya Pradesh
Indore, Madhya Pradesh | Oct 21, 2026