जिला प्रशासन, मधेपुरा
प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
दिनांक : 17 जुलाई, 2026
*जनसुनवाई बनी आमजन की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम : अपर समाहर्ता*
*60 आवेदनों पर हुई सुनवाई, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के दिए निर्देश*
मधेपुरा, 17 जुलाई, 2026।
समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता (राजस्व), मधेपुरा श्री अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को उनके कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने भूमि, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, लोक शिकायत, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य जनहित से जुड़े कुल 60 आवेदन प्रस्तुत किए।
अपर समाहर्ता ने सभी आवेदनों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है,
किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता ने कहा कि जिला प्रशासन सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सतत प्रयासरत है। जनसुनवाई कार्यक्रम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का सशक्त मंच है, जिसके माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें तथा आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।
जिला प्रशासन, मधेपुरा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण, पारदर्शी प्रशासन और जनसहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिक-केंद्रित प्रशासन की दिशा में निरंतर कार्यरत है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar