पीलीबंगा चुनावी रण: भाजपा ने अरविंद जोशी पर जताया भरोसा, कांग्रेस के पुरुषोत्तम सिंगला से सीधी टक्कर
#लालबहादुर_भाखर #bjp #Congress #pilibanganews #hanumangarh #Arvind_Joshi #Purshotam_daas
पीलीबंगा (हनुमानगढ़) | लाल बहादुर भाखर
पीलीबंगा नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी ने अरविंद जोशी पर विश्वास जताते हुए उन्हें पार्टी का आधिकारिक सिंबल जारी कर दिया है। इसके साथ ही अब चुनावी मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम सिंगला और भाजपा के अरविंद जोशी के बीच सीधा और बेहद कड़ा मुकाबला तय हो गया है।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) के दौरान राकेश लीला और सुभाष स्थापना की उम्मीदवारी निरस्त हो गई। प्रमुख चेहरों के आमने-सामने आने के बाद शहर की सियासी फिजा पूरी तरह गरमा गई है और दोनों ही खेमों ने जीत दर्ज करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
नगर पालिका में 35 वार्डों का मौजूदा गणित
नगर पालिका के कुल 35 वार्डों में दलीय स्थिति बेहद रोचक बनी हुई है। वर्तमान में 18 वार्डों पर भाजपा, 15 पर कांग्रेस और 2 वार्डों में अन्य का कब्जा है। ऐसे में दोनों ही दल अपनी बढ़त और मजबूत पकड़ साबित करने के लिए हर संभव जोड़-तोड़ और रणनीति में जुट गए हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर मतदाताओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।