*अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों की जिला कलक्टर ने की समीक्षा*
*योग दिवस कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने एवं सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के दिए निर्देश*
*एसएमएस स्टेडियम सहित 4 प्रमुख स्थलों पर आयोजित होंगे योग कार्यक्रम*
*जयपुर:कमलेश आमेटा, 9 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन एवं तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय बैठक जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट संदेश नायक की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में योग दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों, विभागवार जिम्मेदारियों तथा जनभागीदारी बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा एवं स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि स्वस्थ एवं निरोग समाज की दिशा में जनआंदोलन है।
बैठक में बताया गया कि 21 जून 2026 को जिले में सवाई मानसिंह स्टेडियम, अल्बर्ट हॉल, पत्रिका गेट एवं जलमहल सहित 4 प्रमुख स्थलों पर योग कार्यक्रम प्रातः 6ः00 बजे से 8ः00 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। सवाई मानसिंह स्टेडियम में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। जिला कलक्टर ने सभी कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थलवार नोडल अधिकारियों एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर समस्त व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी प्रदान किए।
जिला कलक्टर ने आयुर्वेद विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न विभागों के सहयोग से योग दिवस कार्यक्रमों को जनभागीदारी का उत्सव बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा कार्यक्रम स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन किया जाए। साथ ही विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजीव दीक्षित , अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेन्द्र सिंह सहित आयुर्वेद विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, परिवहन विभाग, सूचना तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।