#पिछड़ा_वर्ग_के_विद्यार्थियों_को_बेहतर_सुविधाओं_की_सौगात
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में आधुनिक मेस सुविधाओं का किया लोकार्पण
उज्जैन के महानंदानगर छात्रावास की छात्रा पूजा सोनी से मुख्यमंत्री ने किया संवाद, नई व्यवस्था से पढ़ाई के लिए मिलेगा अधिक समय
उज्जैन, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को मंत्रालय से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में निर्मित आधुनिक मेस सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उज्जैन जिले के महानंदानगर स्थित 50 सीटर पोस्ट मैट्रिक पिछड़ा वर्ग छात्रावास की छात्राओं से भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संवाद किया और नई मेस व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छात्रावास में अध्ययनरत पीएचडी की छात्रा पूजा सोनी से चर्चा करते हुए पूछा कि पूर्व में भोजन की व्यवस्था किस प्रकार की जाती थी। छात्रा पूजा सोनी ने बताया कि पहले छात्राओं को अपने कमरों में ही सिलेंडर रखकर भोजन की व्यवस्था करनी पड़ती थी। साथ ही सब्जी एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी स्वयं खरीदकर लानी होती थी। इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय व्यतीत हो जाता था, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। छात्रा पूजा सोनी ने बताया कि छात्रावास में आधुनिक मेस व्यवस्था प्रारंभ होने से अब छात्राओं को भोजन की व्यवस्था के लिए अलग से समय नहीं देना पड़ेगा। इससे उन्हें पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल सकेगा और अध्ययन में सुविधा होगी। छात्राओं ने आधुनिक मेस व्यवस्था प्रारंभ किए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। नई व्यवस्था के तहत छात्रावास में मेस का संचालन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा, जबकि छात्रावास की अधीक्षिका मेस की प्रमुख रहेगी। शासन द्वारा विद्यार्थियों के लिए प्रति छात्र निर्धारित शिक्षावृत्ति की राशि भी उपलब्ध कराई जाएगी। आधुनिक मेस व्यवस्था के माध्यम से छात्रावास में रहकर अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक, सुव्यवस्थित एवं बेहतर भोजन उपलब्ध हो सकेगा। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री श्रेयांस कूमट, एसडीएम श्री पवन बारिया, पिछड़ा वर्ग विभाग की सहायक संचालक सुश्री अनुराधा सकवार सहित छात्रावास की छात्राएं उपस्थित रही।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
Collector Office Ujjain