🔳हिरवारा में अवैध मदिरा के ठिकाने पर आबकारी विभाग की कार्रवाई
🔳रिहायशी मकान में दबिश देकर 31.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त, 19 हजार 500 रुपये की अवैध शराब बरामद
🔳कटनी - जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी अमले ने ग्राम हिरवारा में दबिश देकर अवैध रूप से संग्रहित 31.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त की है। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 19 हजार 500 रुपये है।
अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिले में आबकारी विभाग द्वारा लगातार गश्त और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक-03 अंतर्गत ग्राम हिरवारा में कार्रवाई की गई। आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मंशाराम उइके के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने राहुल गुप्ता आत्मज जगदीश प्रसाद गुप्ता, उम्र 36 वर्ष, निवासी हिरवारा, थाना एन.के.जे. के रिहायशी मकान पर दबिश दी।
*अलग-अलग ब्रांड की मदिरा मिली*
दबिश के दौरान टीम को मौके से 86 पाव देशी मदिरा, 39 पाव विदेशी मदिरा गोवा व्हिस्की, 8 बोतल विदेशी मदिरा गोवा जिन तथा 6 केन विदेशी मदिरा माउंट बियर मिली। कुल 31.5 बल्क लीटर मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया गया।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
*अवैध कारोबारियों पर लगातार नजर*
जिले में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। विभागीय अमले द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सघन गश्त की जा रही है। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा विक्रय की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक आंचल प्रजापति, सीमा देवी कोल सहित आबकारी विभाग का अन्य अमला शामिल रहा।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
Katni, Madhya Pradesh | Aug 22, 2026