मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। तीन बच्चों की मां नाजिया ने अपने पति इस्तिखार बेग पर तीन तलाक देने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ SSP कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
नाजिया के मुताबिक, उसकी शादी करीब छह साल पहले आर्यपुरी निवासी इस्तिखार बेग से हुई थी। शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था। महिला ने आरोप लगाया कि 2 जून को पति, नंदोई और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और दुपट्टे से गला दबाने की कोशिश की, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
महिला का दावा है कि बाद में परिवार के लोगों की मौजूदगी में उसके पति ने उसे तीन तलाक दिया और घर से निकल जाने को कहा। नाजिया का आरोप है कि पति का जोया नाम की एक किन्नर से संबंध था और अब वह उसी के साथ घर छोड़कर चला गया है। महिला ने कहा कि पिछले करीब चार महीने से पति का उससे और बच्चों से संपर्क नहीं है।
पीड़िता ने SSP को प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
Girwa, Udaipur | Sep 11, 2026